तराना/कायथा : कायथा के आदर्श नगर क्षेत्र में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब वरिष्ठ पत्रकार अशोक मेहता की धर्मपत्नी, समाजसेवी डॉ. दिलीप मेहता (कमलेश) की पूज्य माताजी एवं नितिन मेहता तथा जतिन मेहता की स्नेहमयी दादीजी श्रीमती यशोदा बाई मेहता के आकस्मिक निधन का समाचार प्राप्त हुआ। उनका गुरुवार, 18 मार्च को निधन हो गया, जिससे परिवार सहित पूरे नगर में गहरा दुःख व्याप्त हो गया। श्रीमती मेहता अपने सौम्य स्वभाव, धार्मिक प्रवृत्ति एवं परिवार के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि समाज में भी एक अपूरणीय क्षति हुई है। क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। दिवंगत श्रीमती मेहता की अंतिम यात्रा उनके निज निवास, आदर्श नगर कायथा से प्रारंभ होकर आदर्श मुक्तिधाम तक निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में परिजन, मित्रगण, शुभचिंतक एवं नगरवासी उपस्थित रहे। वातावरण अत्यंत भावुक हो गया था, और हर किसी की आंखें नम थीं। स्थानीय मुक्तिधाम में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां उपस्थित जनों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके व्यक्तित्व और जीवन मूल्यों को स्मरण करते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी।