गरोठ (मन्दसौर)। कस्बे में ईदगाह की बेशकीमती भूमि और सरकारी जमीन पर कॉलोनाइजर द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मुस्लिम समाज ने जिला कलेक्टर के नाम एक शिकायती पत्र सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि आगामी ईद (20 या 21 मार्च) तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो समाज के लोग ईद का त्यौहार नहीं मनाएंगे और विजय स्तंभ पर काली पट्टी बांधकर मौन धरना देंगे। ​शिकायत के अनुसार, ग्राम गरोठ के सर्वे नंबर 2108 (रकबा 0.020) पर स्थित ईदगाह की भूमि और सर्वे नंबर 2109, 2110 में जाने वाले रास्ते पर आनंदधाम कॉलोनी के कॉलोनाइजर द्वारा बाउंड्रीवाल बनाकर अवैध कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया गया है और ईदगाह परिसर में स्थित कुएं को भी कॉलोनी के अंदर ले लिया गया है।​शिकायतकर्ताओं ने बताया कि भूमि के विक्रय पत्र (दिनांक 11/02/2019) के पृष्ठ क्रमांक 7 पर स्पष्ट उल्लेख है कि उत्तर दिशा में 15 फीट और 20 फीट चौड़ा रास्ता विद्यमान है, जिसका उपयोग मुस्लिम समाज ईदगाह आने-जाने के लिए स्वतंत्र रूप से करेगा। बावजूद इसके, वर्तमान खातेदारों द्वारा विक्रय पत्र की शर्तों का उल्लंघन कर बाउंड्रीवाल खड़ी कर दी गई है। 

प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना ​समाज का कहना है कि:

  • ​सर्वे नंबर 2121 पर स्थित सरकारी जमीन पर कॉलोनाइजर ने पानी की टंकी और दीवार खड़ी कर दी है।
  • ​तहसीलदार न्यायालय गरोठ द्वारा पूर्व में इस अतिक्रमण को हटाने के आदेश पारित किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई जमीनी कार्रवाई नहीं हुई।
  • ​पूर्व में 20 फरवरी 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं की गई।

"नहीं मनाएंगे ईद" – समाज का कड़ा रुख

​मुस्लिम समाज के सदर और प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन ने समय रहते ईदगाह की भूमि और रास्ते को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया, तो वे विरोध स्वरूप इस बार ईद का त्यौहार नहीं मनाएंगे। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

​इस शिकायत की प्रतिलिपि उज्जैन कमिश्नर, स्थानीय विधायक, उप संचालक नगर एवं ग्राम निवेश (नीमच) और तहसीलदार को भी भेजी गई है।