तराना में ईद की नमाज़ सुबह 9:30 बजे ईदगाह में होगी अदा 

तराना/सैय्यद नियामत अली  : पवित्र रमज़ान माह के लगभग समापन के साथ ही अब लोगों की निगाहें आसमान पर टिकी हुई हैं, क्योंकि चांद के दीदार के साथ ही खुशियों का त्योहार ईद-उल-फ़ितर मनाया जाएगा। इस संबंध में शहर काज़ी सफ़ीउल्ला साहब ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि ईद का पर्व चांद दिखने पर निर्भर करेगा। उन्होंने बताया कि यदि 29 रमज़ान को चांद दिखाई देता है, तो ईद-उल-फ़ितर 20 मार्च, शुक्रवार को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाई जाएगी। वहीं, यदि चांद नजर नहीं आता है, तो ईद का त्योहार 21 मार्च, शनिवार को मनाया जाएगा। ईद की नमाज़ को लेकर भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तराना के ईदगाह में ईद की विशेष नमाज़ सुबह 09:30 बजे अदा की जाएगी। नमाज़ के बाद लोग एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद देंगे और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश फैलाएंगे। शहर काज़ी ने बताया कि ईद-उल-फ़ितर इस्लाम धर्म का एक प्रमुख त्योहार है, जो रमज़ान के महीने भर रोज़ा रखने के बाद मनाया जाता है। यह दिन खुशी, दान, और इंसानियत का प्रतीक माना जाता है। लोग नए कपड़े पहनते हैं, खास पकवान बनाते हैं और जरूरतमंदों को ज़कात व फितरा देकर समाज में समानता का संदेश देते हैं। वहीं प्रशासन और दारुल कज़ात व अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर सय्यद अकबर हुसैन जागीरदार एवं तमाम मेंबरानो द्वारा भी ईद को लेकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि नमाज़ के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। उक्त जानकारी फिरोज़ पठान द्वारा दी गई।