मंदसौर | मंदसौर जिले की नारायणगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 85 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना नारायणगढ़ पुलिस टीम द्वारा 16 मार्च को पिपलिया मंडी–मनासा रोड स्थित सगज बावजी मंदिर के पास बरखेड़ा विरपुरिया फंटा पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक (RJ 40 GA 0335) को रोका गया।
जांच के दौरान चालक से पूछताछ करने पर उसके व्यवहार में संदेह होने पर ट्रक की तलाशी ली गई। ट्रक में तरबूज के बीच छुपाकर रखे गए 6 प्लास्टिक कट्टों से कुल 85 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेन्द्र जाट (29 वर्ष) निवासी कालवास, लूणकरणसर, जिला बीकानेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ नारायणगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जब्त सामग्री में शामिल:
85 किलो डोडाचूरा (कीमत करीब ₹1,70,000)
एक एंड्रॉयड मोबाइल व एक कीपैड मोबाइल (कीमत ₹11,000)
टाटा ट्रक (कीमत लगभग ₹30 लाख)
पुलिस अब आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना नारायणगढ़ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।