एचपीवी टीकाकरण व नए सत्र की तैयारियों पर होगी चर्चा

मंदसौर / जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 18 मार्च 2026 को पैरंट-टीचर मीटिंग (पालक-शिक्षक संघ बैठक) आयोजित की जाएगी। बैठक में विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के पालकों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

बैठक के दौरान 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण के संबंध में विशेष चर्चा की जाएगी। विद्यालय एवं ग्राम की समस्त अध्ययनरत तथा शाला त्यागी बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता एवं रणनीति तैयार की जाएगी। आवश्यकता अनुसार स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को भी आमंत्रित कर उनके सुझाव लिए जाएंगे, ताकि बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से निःशुल्क टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।

बैठक में हाल ही में संपन्न परीक्षाओं में विद्यार्थियों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए पाई गई कमियों को दूर करने के लिए आगामी सत्र हेतु रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही स्थानीय परीक्षाओं के परिणाम 23 मार्च 2026 को घोषित किए जाने तथा इसके तुरंत बाद आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ करने पर भी चर्चा होगी।

इसके अतिरिक्त आगामी सत्र 1 अप्रैल 2026 से विद्यालयों के संचालन, प्रवेशोत्सव आयोजन तथा विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण की संपूर्ण कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में भी बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।